Tuesday, February 27, 2018

देश में लोकतंत्र के प्रति सभी राजनीतिक दल उदासीन

अंततः सीताराम केसरी कांग्रेस अध्यक्ष पद पर आसीन हो ही गए। पार्टी में उनकी स्थिति को देखकर यह अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा था कि क्या वे इस कुर्सी को प्राप्त कर सकेंगे। बहरहाल अध्यक्ष पद का चुनाव कांग्रेस ने करवा कर अपने तथाकथित लोकतंत्र की रक्षा की। काफी समय से कांग्रेसियों द्वारा यह राग अलापा जा रहा था कि पार्टी की लोकतान्त्रिक व्यवस्था खतरे में है। पार्टी को किसी ऐसे महानुभाव की जरूरत है जो पार्टी के लोकतंत्र को जीवित रख सके। अब ऐसे में सवाल उठता है कि कांग्रेस का लोकतंत्र क्या था, क्या है? नेहरू खानदान को ही गद्दी सौंप देना ही लोकतंत्र है? या आज की स्थिति में बनी सरकार को गिराना लोकतंत्र है? एक पल को यदि यह माना जाये कि देश की लोकतान्त्रिक व्यवस्था ही कांग्रेस की चुनावी प्रक्रिया है तो आज तक नहीं के बराबर इसका उपयोग क्यों किया गया? सही मायनों में आज के परिप्रेक्ष्य में गौर किया जाये तो साफ़ समझ में आएगा कि पार्टी के अन्दर नेतृत्व को लेकर खासी उथल-पुथल मची हुई है। कौन ऊपर, कौन नीचे, कौन बड़ा, कौन छोटा किसी का भी फर्क नहीं रह गया है। मात्र इसी अध्यक्षी को लेकर कांग्रेसियों को लोकतंत्र याद आने लगा। फ़र्ज़ करो कि कल को सोनिया गाँधी अध्यक्ष पद ग्रहण करना स्वीकार कर लेती हैं तो क्या फिर चुनाव होते? शायद नहीं, तब क्या लोकतंत्र की याद न सताती? आज देशहित से बढ़कर पार्टी व जाति हित दिखाई दे रहा है। सभी पार्टियों को अपना लोकतंत्र खोता दिख रहा है पर असली लोकतंत्र जो देश का है उस ओर किसी का भी ध्यान नहीं है। किसी एक पार्टी के संगठनात्मक चुनावों का हो जाना यदि किसी देश की लोकतान्त्रिक व्यवस्था का द्योतक है तो देश में नामालूम कितने लोकतंत्र हैं। और पार्टी के चुनावों पर यह तथाकथित लोकतंत्र जी उठता है। देश की लोकतान्त्रिक व्यवस्था आज यकीनी तौर पर कांग्रेस के ही हाथों में है। 

पिछले दिनों देवगौड़ा सरकार के पतन के बाद चुनावों के बादलों को पुनः कांग्रेस की समर्थन भरी हवाओं ने टाला था। देश का असहाय लोकतंत्र आज फिर कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव जीतने के बाद सीताराम केसरी का मुंह ताक रहा है कि कहीं फिर पार्टी की लोकतान्त्रिक व्यवस्था को जीवित न कर दें। देश की लोकतान्त्रिक व्यवस्था को यदि ये तथाकथित लोकतंत्र जिलाने वाली पार्टियाँ वापस ला सकें तो आज की पीढ़ी व भावी पीढ़ी अवश्य ही इनकी शुक्रगुजार रहेगी कि कम से कम आपसी मारकाट में भी ये पार्टियाँ देश के लोकतंत्र को जिन्दा रख सकीं, पर अभी तक तो यह एक स्वप्न है।
++

21 जून 1997 अमर उजाला समाचार पत्र

Saturday, February 24, 2018

भारतीय समाज में शिगूफों का कोई अंत नहीं है

भारतीय समाज में शिगूफों का कोई अंत नहीं है। कब, कौन, कहाँ पर शिगूफा खड़ा कर दे कहा नहीं जा सकता है। इस मामले में हमारे देश के विशिष्टजन, फ़िल्मी हस्तियाँ और नेतागण काफी उन्नति पर हैं। राजनैतिक पटल पर भी कभी-कभार नए-नए शोशे देखने को मिलते हैं। आजकल तो जैसे इन्हीं का ज़माना आ गया है। हर पल यही अंदेशा लगा रहता है कि कब क्या हो जाये।

हमारे प्रसिद्द मौनी बाबा उर्फ़ पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिंह राव ने भी अँधेरे में तीर मारा था या कहें कि एक ऐसा शिगूफा छोड़ा था जो कि यदि सत्य हो जाता तो संभव था कि बड़े-बड़े दिग्गज नेताओं की एक अच्छी खासी जमात तिहाड़ जेल में मौजूद मिलती। अपने आपको स्वच्छ, निर्भीक, निष्पक्ष छवि का कहलाने के प्रयास में राव साहब ने हवाला कांड के हवाले एक से एक महान नेताओं को कर दिया था। सीबीआई जाँच हुई, समितियां बनी, गवाह व सबूत तैयार किये गए और फिर हुई अदालती कार्यवाही। लगा कि चलो इस बार तो सफ़ेद लकदक कुर्तों के भीतर झांकती कालिख को अदालत जनता के सामने लाएगी। बहुत लम्बे अरसे से देश और जनता का लहू चूसते नेताओं को भी जेल की राह देखनी पड़ेगी, पर क्या हुआ।

अदालत लगी, समस्त कार्यवाही की गई। दोषी, आरोपी सभी बुलाये गए पर नतीजा गुब्बारे की निकली हवा सा फिस्स। एक-एक करके सभी बरी होने लगे, बाइज्जत बरी। समझ न आया इसे क्या कहा जाये। सीबीआई ने अवश्य अपनी कार्यप्रणाली पर प्रश्नसूचक चिन्ह लगवा लिया। आख़िरकार क्या आवश्यकता आन पड़ी थी अदालत की शरण में जाने की वो भी बिना किसी पर्याप्त सबूत के। यह सही भी है कि बिना किसी सबूत के हमारा कानून सजा नहीं देता और किसी भी डायरी में लिखी दो लाइनें भी किसी के खिलाफ सबूत नहीं बन सकती हैं। खैर जो शिगूफा राव साहब ने छोड़ा वो तो बिना किसी भी आवाज़ के गीले पटाखे सा चल गया। एक-एक करके सारे नेता छूट रहे हैं और छूटेंगे भी पर क्या इससे सीबीआई या स्वयं अदालत संदेह के घेरे में नहीं आई है? या फिर वह पुनः किसी शिगूफे के चलते सबूतों को जुटाने चल पड़ेगी?

++
13 जून 1997 – अमर उजाला समाचार पत्र

+++++++++
किसी समय समाचार पत्रों के पत्र कॉलम में, पाठकों की प्रतिक्रियाओं आदि में खूब लिखा था. उसी समय अमर उजाला समाचार पत्र ने अपने पत्र कॉलम में 'खास ख़त' नाम से प्रतिदिन एक पत्र का प्रकाशन करना आरम्भ किया था. हमारे पत्र भी 'खास ख़त' में खूब प्रकाशित हुए.
ये सारे 'खास ख़त' पुस्तक रूप में प्रकाशित भी करवाए थे. अब इन्हें ब्लॉग के माध्यम से आप सबके सामने पुनः प्रकाशित किया जा रहा है.